मुंबई | महाराष्ट्र में मंगलवार की सुबह मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गाडिय़ों के आपस में टकरा जाने के कारण 5 लोगों की मृत्यु हो गई है, जबकि 5 अन्य लोग इस दुर्घटना में घायल हो गए है।
हेग/नई दिल्ली। ये कहानी है एक स्कूली बच्चे की। एक मासूम बच्चा, जो पढ़-लिखकर कुछ करना चाहता था। मगर शायद किसी ने भी नहीं सोचा था कि वो बड़ा होकर एक हैवान बन जाएगा। वह स्कूल जा रहा था, लेकिन रास्ते में आतंकियों ने अपहरण कर लिया। बस फिर उसकी जिंदगी बदल गई। हाल ही में हेग स्थित इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने इस खूंखार अपराधी को मानवता का दुश्मन माना। इसे 70 में से 61 आरोपों में दोषी पाया गया। इस शख्स का नाम है डोमिनिक ओंगवेन।
बीती चार फरवरी को अंतरराष्ट्रीय अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए ओंगवेन को मानवता के खिलाफ काम करने और वार क्राइम का दोषी पाया। युंगाडा के खूंखार संगठन LRA (लॉर्ड्स रेजिस्टेंस आर्मी) का खतरनाक कमांडर डोमिनिक ओंगवेन। इस संगठन का पहला कमांडर जो अंतरराष्ट्रीय अदालत में पेश हुआ। ओंगवेन की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है। एक समय वह गृह युद्ध का सताया हुआ था, लेकिन बाद में वह खुद अत्याचारी बन गया।
4000 लोगों ने गवाही दी
ओंगवेन के खिलाफ मुकदमा चला। उस पर आरोप लगे कि 2002 से 2005 के बीच अत्याचारों की सारी हदें पार कर दीं। उसने बच्चों को बंधक बनाया। सैकड़ों लोगों को मौत के घाट उतार दिया। लोगों की खाल उधड़वा दी। लड़कियों को जबरन अगवाकर उनके साथ रेप किया। बहुत सी तो गर्भवती भी हो गईं। बाइबिल के अनुरूप राज्य स्थापित करने वाले इस संगठन ने तीन दशक में एक लाख से ज्यादा लोगों को मार दिया। 60 हजार से ज्यादा बच्चों को किडनेप कर लिया। ओंगवेन पर यह भी आरोप है कि 2004 में शरणार्थियों के चार कैंपों पर हमले किए और कत्लेआम मचाया। 4000 से ज्यादा लोगों ने इस शख्स के खिलाफ गवाही दी। जल्द ही उसे सजा सुनाई जाएगी।
एक घटना से बदल गई जिंदगी
डोमिनिक ओंगवेन का जन्म 1975 में चूरुम, किलक काउंटी, अमुरु जिला, उत्तरी युगांडा के गाँव में हुआ था। ओंगवेन 9 या 14 साल का था, जब स्कूल जाते वक्त उसे एलआरए (LRA) के लड़ाकों ने किडनेप कर लिया था। 1987 या 1988 में उसने भागने की भी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा। इसके बाद अगले दो दशकों में उसकी जिंदगी पूरी तरह से बदल गई और वह यूंगाडा का सबसे खूंखार कमांडर साबित हुआ। उसकी मां को लड़ाकों ने मार डाला जबकि पिता को आतंकी समझकर सुरक्षा बलों ने।
दोस्त की खाल उतरवाई, आंते निकालकर पेड़ से टांगा
बताते हैं जब ओंगवेन ने एलआरए (LRA) की पकड़ से भागने की कोशिश की और वह नाकाम रहा तो उसे अमानवीयता की हद पार करने वाले करने वाले काम करने पड़े। उसके साथ कुछ और लोगों को किडनेप किया गया था। चेतावनी के तौर पर ओंगवेन को अपने जिंदा साथी की चमड़ी शरीर से अलग करने को कहा गया। यह चेतावनी थी कि भागने पर क्या अंजाम होगा। इंटरनेशनल कोर्ट में ओंगवेन का पक्ष रखते हुए वकील ने बताया कि उन्होंने उस इंसान की खाल उधेड़ दी थी। उसकी आंते बाहर निकालकर उसके शव को पेड़ से टांग दिया था।
अमेरिका ने रखा 50 लाख डॉलर का इनाम
बाद में बड़ा होकर यही छात्र एक खूंखार अपराधी बन गया। आगे चलकर वह LRA का टॉप कमांडर बना। उस पर हत्या, किडनेपिंग, जबरन रेप, लोगों को गुलाम बनाने के आरोप लगे। इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने 2005 में उसके खिलाफ वारंट जारी किया। यहां तक कि अमेरिका ने उसके सिर पर 50 लाख डॉलर (करीब 36 करोड़ रुपये) का इनाम रखा। 2015 में उसने आत्मसमर्पण किया और 4 फरवरी, 2021 को उसे दोषी ठहराया गया।
लोगों ने फैसले पर जताई खुशी
उसके दोषी पाए जाने के बाद युंगाडा में लोगों के चेहरों पर खुशी देखी गई। इस खूंखार अपराधी के खिलाफ जब कार्रवाई चल रही थी तो युंगाडा में लोग रेडियो से चिपके बैठे हुए थे ताकि पल-पल की जानकारी ले सकें। जैसे ही उसे दोषी ठहराया गया तो लोगों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए क्योंकि उन्होंने अत्याचार में अपनों को खोया था।
हरियाणा की कांग्रेस नेता विद्या देवी ने एक बयान देकर कांग्रेस के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है. विद्या देवी कांग्रेस की टिकट पर नरवाना विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुकी हैं. उन्होंने कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे पैसा और शराब दान करके किसान आंदोलन को जीवित करें. जींद जिले में जिला कार्यकारी समिति को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता विद्या देवी ने कहा 'लोगों को सब्जी, पैसा, घी और शराब लेकर किसान आंदोलन में पहुंचना चाहिए.'' इस मीटिंग में कांग्रेस विधायक सुभाष गांगोली भी शामिल हुए थे.
जब कांग्रेस नेताओं ने देखा कि कुछ मीडियाकर्मी अपने कैमरे से विद्या देवी के स्टेटमेंट को रिकॉर्ड करने में लगे हुए हैं तो कांग्रेस नेताओं ने विद्या देवी को रोकने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद भी वे शराब वितरण को सही ठहराती रहीं.
विद्या देवी ने अपने पक्ष में कहा कि 'प्रोटेस्ट में सभी तरह के लोग आते हैं. जिन्हें अलग-अलग चीजों की जरूरत पड़ती है. क्या बीमार आदमी को शराब नहीं दे सकते हैं? हमें अलग-अलग तरीके से आंदोलन को मजबूत करना होगा.'' समाचार एजेंसी ANI ने इसका एक वीडियो ट्विटर पर भी डाला है. आप इस वीडियो को नीचे देख सकते हैं-
#WATCH: Haryana Congress leader Vidya Rani says, "...We'll take out a 'padyatra' in Jind. It'll give new direction & strength to Congress. It'll be reborn. Agitation has risen again as farmers are firm. Be it money, vegetables, liquor-we can contribute to them as we like.."(14.2) pic.twitter.com/FwX7aGNHo9
— ANI (@ANI) February 15, 2021
नईदिल्ली । व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी पर हो रहे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने आज फेसबुक और व्हाट्सएप को फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर यूरोप और भारत में अलग अलग पैमानों को लेकर भी नाराजगी जाहिर की है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने व्हाट्सऐप/फेसबुक से यह लिखित में देने को कहा कि लोगों के मैसेज नहीं पढ़े जाते। इस मामले की अगली सुनवाई अब चार हफ्ते बाद होगी। कोर्ट फेसबुक और व्हाट्सएप से कहा, `आप 2 या 3 ट्रिलियन की कंपनी होंगे। लेकिन लोग अपनी निजता की कीमत इससे ज़्यादा मानते हैं और उन्हें ऐसा मानने का हक है।` याचिका में बताया गया था कि यूरोप और भारत के लिए अलग पैमाने अपनाए जा रहे हैं। भारत में डेटा प्रोटेक्शन कानून बनने वाला है, उसका इंतज़ार किए बिना पहले व्हाट्सऐप नई पॉलिसी ले आया है।यह मामला व्हाट्सऐप की उस प्राइवेसी पॉलिसी से जुड़ा है, जो 2016 में आई थी। इसे लेकर भी मसला कोर्ट तक पहुंचा था। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने सरकार से पूछा था कि नागरिकों के निजी डेटा को सुरक्षित रखने और उसके गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए क्या वह कोई कानून बनाएगी? सरकार को इस पहलू पर जवाब देना है।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखर ने 14 फरवरी, 2021 को ‘राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव’ का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य संस्कृति और पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की उपस्थिति में किया गया। पश्चिम बंगाल के कूच बिहार पैलेस में इसका उद्घाटन किया गया था। नवंबर, 2015 में त्योहार शुरू होने के बाद से इस त्योहार के दस संस्करण सफलतापूर्वक आयोजित किए गए हैं। ये 10 संस्करण दिल्ली, बेंगलुरु, वाराणसी, तवांग, कर्नाटक, गुजरात, टिहरी और मध्य प्रदेश में आयोजित किए गए थे। यह संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय का एक प्रमुख त्योहार है। यह आयोजन 2015 से आयोजित किया जा रहा है। इसमें सात क्षेत्रीय संस्कृति केंद्रों की सक्रिय भागीदारी दर्ज की जाती है। ये जोनल केंद्र भारत की जीवंत संस्कृति को जन-जन तक ले जाने में अहम भूमिका निभाते हैं। यह त्योहार अन्य राज्यों में एक राज्य की लोक और जनजातीय कला, संगीत, नृत्य, व्यंजन और संस्कृति को प्रदर्शित करता है। इस प्रकार, यह “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के लक्ष्य को मजबूत करने में मदद करता है। इसने कलाकारों और कारीगरों को अपनी आजीविका के लिए एक प्रभावी मंच भी प्रदान किया।
11वां संस्करण
वर्ष 2021 में राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के 11वें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 14 फरवरी से 28 फरवरी, 2021 के बीच में आयोजित किया जा रहा है। यह कूच बिहार, दार्जीलिंग, मुर्शिदाबाद में आयोजित किया जायेगा। इस आयोजन के माध्यम से संस्कृति मंत्रालय द्वारा कलाकारों को सहायता भी प्रदान की जाएगी।
नईदिल्ली। मानचित्र और सटीक भू-स्थानिक आंकड़े नदियों को जोड़ने, औद्योगिक कोरिडोर बनानेऔर स्मार्ट बिजली प्रणाली लागू करनेजैसी राष्ट्रीय बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। डिजिटल इंडिया, स्मार्ट सिटी, ई-कॉमर्स, स्वचालित ड्रोन, आपूर्ति, लॉजिस्टिक्स तथा शहरी परिवहन जैसी नई उभरती प्रौद्योगिकियों के लिए अधिक गहन, अधिक सटीक और सुदृढ़ मैपिंग की बेहद जरूरत है। कृषि से लेकर वित्त, निर्माण, खनन और स्थानीय उद्यम जैसी हर आर्थिक गतिविधि के लिए इनकी जरूरत है। भारत के किसान, छोटे व्यापारी और कॉरपोरेशन, आधुनिक भू-स्थानिक आंकड़ा प्रौद्योगिकी और मैपिंग सर्विस से बहुत लाभ उठा सकते हैं। माननीय प्रधानमंत्री ने इस बात पर गौर किया कि देश के सत्ता प्रतिष्ठानों ने मैपिंग उद्योग पर बहुत सारे प्रतिबंध लागू कर रखे हैं।मानचित्रों के निर्माण से लेकर उनके प्रसार तक के काम में भारतीय कंपनियों को न सिर्फ लाइसेंस लेना पड़ता थाबल्किपूर्व अनुमति लेने की जटिल व्यवस्था का पालन करना पड़ता था। इन नियामक प्रतिबंधों के पालन में स्टार्टअप्स को अनावश्यक जटिलताओं का सामना करना पड़ता था, जिससे कई दशकों से इस क्षेत्र में नवाचार बाधित रहा। भारत के ‘आत्मनिर्भर भारत’ दृष्टिकोण को वास्तविकता देने और देश को 5 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए भू-स्थानिक आंकड़ों और मैपिंग नियमों को पूरी तरह से उदार बनाने की जरूरत है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत की मैपिंग नीति में बड़े पैमाने परखासतौर से भारतीय कंपनियों के लिए सुधार लागू करने की घोषणा करता है। वैश्विक तौर पर जो भी सामग्री तत्काल उपलब्ध है, उस पर भारत में प्रतिबंध लगाने की जरूरत नहीं है। अत: पहले प्रतिबंधित रहे भू-स्थानिक आंकड़े अब भारत में पूरी तरह उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा अब से हमारे कॉरपोरेशन्स और नवोन्मेषी न तो किसी प्रतिबंध के तहत आएंगेऔर ना ही उन्हें भारत की सीमा के भीतर कोई भी आंकड़ा एकत्र करने, बनाने, तैयार करने, उसका प्रसार करने, उसका भंडारण करने, प्रकाशन करनेऔरडिजिटल भू-स्थानिक आंकड़े और मैप अपडेट करनेके पहले कोई पूर्वानुमति लेनी होगी। हमारे स्टार्टअप और मैपिंग नवोन्मेषी अब स्वप्रमाणित रूप से अपने विवेक का इस्तेमाल कर और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए काम कर सकेंगे। इसके साथ ही यह भी प्रस्ताव किया जाता है कि आधुनिक मैप निर्माण प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाकर काम करने वाले भारतीय भू-स्थानिक नवाचारों के विकास के उपाय किये जाएंगे। ऐसे समय में जब विश्वभर में मैपिंग प्रौद्योगिकी का अगला संस्करण आने के लिए तैयार है, इस नीति से भारतीय नवोन्मेषियों को मैपिंग क्षेत्र में पर्याप्त तरक्की करने और अंतत: जीवन को सरल बनाने तथा छोटे व्यवसायियों को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। हम चाहते हैं कि भविष्य में भारत मैपिंग शक्ति के रूप में उभरे, भारत में स्वदेश निर्मित अगली पीढ़ी के मानचित्र बनें और हम इस नई प्रौद्योगिकी को शेष विश्व तक पहुंचाएं।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में रविवार को भूकंप के महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार बिलासपुर के पास 3 बजकर 49 मिनट पर भूकंप के झटके लगे, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 मापी गई। जबकि भूकंप का केंद्र बिलासपुर से तीस किमी साउथ में बताया गया है। भूकंप के झटके लगते ही लोग बुरी तरह से घबरा गए और अपने घरों एंव प्रतिष्ठानों से निकलकर बाहर की ओर भागे। लोगों में घबराहट का आलम यह था कि भूकंप के घंटों बाद भी लोग अपने घरों में वापस जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। राहत की बात यह है कि अभी तक भूकंप की वजह से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं मिली है।
वाशिंगटन । अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप महाभियोग मामले में एक बार फिर से बरी हो गए हैं। अमेरिकी सीनेट ने 6 जनवरी को कैपिटल हिल में हिंसा भड़काने के आरोप में डोनाल्ड ट्रंप को बरी कर दिया है। चार दिन के महाभियोग ट्रायल के बाद पांचवें दिन वोटिंग हुई और इस दौरान 57 सीनेटरों ने डोनाल्ड ट्रंप को दोषी पाया जबकि 43 सीनेटरों ने उन्हें दोषी नहीं पाया। 100 सदस्यों वाले सीनेट में ट्रंप को दोषी करार देने के लिए सीनेट को जरूरी दो तिहाई बहुमत यानी 67 वोटों की जरूरत थी, जो नहीं मिल सका। इसी दस वोटों की कमी की वजह से डोनाल्ड ट्रंप बरी कर दिए गए। डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के इतिहास में ऐसे पहले राष्ट्रपति रह चुके हैं जिन्होंने दो बार महाभियोग का सामना किया। इतना ही नहीं, वह पद से हटने के बाद महाभियोग ट्रायल का सामना करने वाले भी अमेरिका के पहले राष्ट्रपति का तमगा हासिल कर चुके हैं। बिल कैसिडी, रिचर्ड बर्र, मिट रोमनी और सुसान कोलिन्स सहित सात रिपब्लिकन सीनेटरों ने ट्रंप के खिलाफ महाभियोग चलाने के पक्ष में मतदान किया। बरी होने के तुरंत बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपना बयान जारी किया और सबसे पहले अपने लीगल टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा अमेरिका का कोई भी राष्ट्रपति कभी भी इस तरह से नहीं गुजरा है। बता दें कि 6 जनवरी को हुई कैपिटल हिल हिंसा में पांच लोगों की मौत हो गई थी और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप लगे थे कि उन्होंने ही अपने समर्थकों को उकसाया था, जिसके बाद कैपिटल हिल पर हमला हुआ था और लोगों की जानें गई थीं।
नईदिल्ली । प्रधानमंत्री मोदी का आज चेन्नई दौरा है, जहां वे भारत में निर्मित मेन बैटल टैंक (MBT) अर्जुन मार्क-1 की कमान भारतीय सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे को सौंपेंगे। अर्जुन टैंक पूरी तरह स्वदेशी है। मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस उन्नत संस्करण का निशाना अचूक है। इससे भारतीय सेना की जमीन पर मारक क्षमता को और ज्यादा मजबूती मिलेगी। इस टैंक को रक्षा अनुसंधान व विकास संगठन (डीआरडीओ) ने तैयार किया है। डीआरडीओ के चेयरमैन जी. सतीश रेड्डी ने पीएम मोदी के अर्जुन एमके-1ए को देश को समर्पित करने की प्रशंसा की है। उन्होनें कहा कि नए संस्करण में 71 अतिरिक्त फीचर जोड़े गए हैं, जो इसे दुनिया के सभी श्रेष्ठ टैंकों के समकक्ष खड़ा करते हैं। सेना को पांच टैंक 30 महीने के अंदर दे दिए जाएंगे। रेड्डी ने कहा, देश में लोग और कंपनियों को अत्याधुनिक स्वदेशी प्रणालियां बनाने के प्रयास करने चाहिए ताकि आने वाले सालों में सैन्य बलों के पास अधिकतम स्वदेश निर्मित उपकरण मौजूद हों। बताते चलें कि हाल ही में रक्षा मंत्रालय की ओर से एक उच्च स्तरीय बैठक में 118 अर्जुन मार्क 1 ए टैंक को भारतीय सेना के बेड़े में शामिल करने की मंजूरी दी गई थी। इससे भारतीय सेना की ताकत में इजाफा होगा। इन टैंकों की कीमत करीब आठ हजार 400 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सतीश रेड्डी ने बताया कि युद्धक टैंक अर्जुन मार्क 1 ए को पूरी तरह DRDO ने भारतीय सेना के साथ समन्वय करके तैयार किया है। ये 118 टैंक सेना के पहले बैच में शामिल किए जाएंगे। आपको बता दें कि अर्जुन श्रेणी के काफी टैंक पहले से ही पश्चिम रेगिस्तान में पाकिस्तान सीमा पर तैनात हैं। बता दें कि डीआरडीओ बीते कुछ समय से अर्जुन मार्क 1 ए युद्धक टैंक का विकास करने में जुटा हुआ है। अर्जुन टैंक को डीआरडीओ के लड़ाकू वाहन अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान (CVRDE) ने डिजाइन किया है।
कर्नूल । आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले में रविवार तड़के एक बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा कर्नूल जिले में वेल्दुर्ती मंडल के मदारपुर गांव के पास हुआ। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि यात्रियों से भरी बस टक्कर के बाद पलट गई। दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया। स्थानीय पुलिस ने बताया कि बस में 17 यात्री सवार थे। चालक समेत 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बस चित्तूर जिले से राजस्थान के अजमेर जा रही थी। बस मदारपुर गांव सुबह करीब साढ़े तीन बजे पहुंची। यहां बस गलत साइड में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। आठ महिलाओं और एक बच्चा समेत 13 की मौत हो चुकी है। जबकि दो बच्चों समेत चार लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आंध्र प्रदेश में ट्रक से टकरा कर बस के पलटने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया। मोदी ने कहा, जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।
शव निकालने में करनी पड़ी मशक्कत
बस के पलटने के बाद शवों को निकालने में पुलिस का खास मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया क्योंकि पुलिस को अंधेरे में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को निकालने में काफी समय लग गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
नई दिल्ली । देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। शनिवार के मुकाबले रविवार को कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 12,194 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 1.09 करोड़ के पार चला गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में 12,194 नए मामले सामने आए हैं और इसी अवधि में 92 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ा है। देश में कोविड-19 का कुल आंकड़ा बढ़कर 1,09,04,940 हो गया है।
वहीं मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के आधार पर 92 मरीजों की इस वायरस से मौत हो गई है, जिसके बाद कुल मृतकों का आंकड़ा 1,55,642 पर पहुंच गया है। यही नहीं, देश में सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि दैनिक संक्रमित मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वाले मरीजों का आंकड़ा ज्यादा आ रहा है।
हालांकि पिछले 24 घंटे में जितने मरीज कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं, उनका आंकड़ा दैनिक संक्रमित आंकड़ों से कम है। पिछले 24 घंटे में 11,106 मरीज अस्पताल से छुट्टी लेकर स्वस्थ होकर अपने घर गए हैं। अब देश में कोरोना वायरस से ठीक हुए मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 1,06,11,731 हो गया है।
सक्रिय मामलों की बात करें तो देश में यह संख्या दो लाख से कम है। मौजूदा समय में 1,37,567 मरीजों का ही अस्पताल और घरों में इलाज चल रहा है। इसके अलावा अब तक देश में कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान के तहत 82,63,858 लोगों को टीका लग चुका है।
नईदिल्ली । भारतीय खगोलविदों ने फिडिंग विशालकाय ब्लैक होल या ब्लेजर से विशाल चमक दिखाई देने के बारे में जानकारी दी है। इस ब्लैक होल को बीएल लैकेर्टे भी कहा जाता है। इस ब्लेजर से, जो एक सबसे पुराना खगोलिये पिण्ड है, इस चमक का विश्लेषण ब्लैक होल के द्रव्यमान तथा इस उत्सर्जन के स्रोत का पता लगाने में सहायता कर सकता है। ऐसा विश्लेषण ब्रह्मांड के विकास के विभिन्न चरणों के रहस्यों की जांच करने और विभिन्न घटनाओं का पता लगाने में मदद कर सकता है।
बहुत दूर स्थित आकाशगंगाओं के केन्द्र में ब्लेजरों या विशालकाय (सुपरमासिव) ब्लैक होल ने खगोलविद समुदाय का ध्यान आकर्षित किया है, क्योंकि इनकी उत्सर्जन प्रणाली बहुत जटिल है। ये ब्लैक होल लगभग प्रकाश की गति से यात्रा करने वाले चार्ज कणों के जेट का उत्सर्जन करते हैं और इस ब्रह्मांड के सबसे चमकदार और ऊर्जावान पिण्डों में से एक हैं।
बीएल लैकेर्टे ब्लेजर एक करोड़ प्रकाश वर्ष दूर स्थित है। यह सबसे प्रमुख 50 ब्लेजरों में शामिल है। इसे अपेक्षाकृत छोटी दूरबीनों की मदद से देखा जा सकता है। यह उन 3 - 4 ब्लेजरों में से एक है, जिसके बारे में खगोलविदों के एक अंतरराष्ट्रीय कंसोर्टियम, व्होल अर्थ ब्लेजर टेलीस्कोप (डब्ल्यूईबीटी) द्वारा चमक का अनुभव करने का पूर्वानुमान लगाया गया था।
भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के अधीन एक स्वायत्त संस्थान आर्यभट्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ ऑब्जर्वेशनल साइंसेज (एआरआईईएस) के डॉ. आलोक चंद्र गुप्ता के नेतृत्व में खगोलविदों का एक दल अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षण अभियान के एक हिस्से के रूप में अक्टूबर, 2020 से ही इस ब्लेजर का अध्ययन कर रहा था, जिसने 16 जनवरी, 2021 को असाधारण रूप से उच्च चमक का पता लगाया है। इस कार्य में नैनीताल स्थित संपूर्णानंद टेलिस्कोप (एसटी) और 1.3 एम देवस्थल फास्ट ऑप्टिकल टेलीस्कोप की मदद ली गई है।
इस चमक से प्राप्त डेटा ब्लैक होल द्रव्यमान, उत्सर्जन क्षेत्र के आकार और ज्ञात सबसे पुराने खगोलीय पिण्ड से उत्सर्जन की प्रणाली की गणना करने में मदद करेगा। इस प्रकार इससे ब्रह्मांड की उत्पत्ति और विकास के बारे में जानकारी प्राप्त करने का द्वार खुलेगा। 27 अक्टूबर, 2020 (आंकड़ों का बायां पैनल) को बीएल लैकेर्टे की चमक लगभग 2.95 * 1012 एलओ पाई गई। 80 दिन बाद यानी 16 जनवरी, 2021 (आंकड़े का दायां पैनल) ~ 7.25 * 1012 एलओ थी यानी चमक में ~ 250% की बढ़ोतरी हुई। यह 4 ट्रिलियन एलओ के समतुल्य है। (यहां एलओ = सूर्य की चमक)।
ब्लेजर बीएल लैकेर्टे के चमक रिकॉर्ड के साथ प्रकाशीय टेलीग्राम # 14343 के लिए वेबसाइट पर http://www.astronomerstelegram.org/?read=14343 लिंक करें।
नईदिल्ली । राष्ट्रपति ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 217 के खंड (1) द्वारा प्रदत्त शक्ति का उपयोग करते हुए, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री पुलिगोरू वेंकट संजय कुमार को मणिपुर उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। इस संबंध में विधि और न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग द्वारा कल एक अधिसूचना जारी की गई। न्यायमूर्ति श्री पुलिगोरू वेंकट संजय कुमार का अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण 25 अगस्त, 1988 को हुआ था और उन्हें आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में सिविल, संवैधानिक और सेवा से सम्बंधित मामलों में वकालत का अनुभव है। उन्हें 8 अगस्त, 2008 को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में और 20 जनवरी, 2010 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्हें 14 अक्टूबर, 2019 को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया गया था।
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग के पूर्व जूनियर इंजीनियर और उनकी पत्नी के खिलाफ नाबालिगों के साथ यौन शोषण मामले को लेकर चार्जशीट दाखिल की. यहां सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा कि एजेंसी ने रामभवन और उनकी पत्नी दुर्गावती के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया, जिन्हें पिछले साल उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की एक अदालत के समक्ष मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था.
रामभवन को 10 वर्षों में लगभग 50 नाबालिगों का यौन शोषण करने और दुनिया भर में पीडोफाइल के अंधेरे जाल पर अपने यौन कृत्यों की वीडियो क्लिप और तस्वीरें बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. सीबीआई के अनुसार, यह मामला पिछले साल एजेंसी के संज्ञान में लाया गया था.
रामभवन यूपी के बांदा जिले से गिरफ्तार किया गया था और तलाशी के दौरान सीबीआई की टीम ने आठ मोबाइल फोन, लगभग 8 लाख रुपये नकद, सेक्स टॉय, लैपटॉप और अन्य डिजिटल सबूत बरामद किए थे, जिसमें भारी मात्रा में बाल यौन शोषण सामग्री थी.
बांदा, चित्रकूट और हमीरपुर जिलों में नाबालिगों के साथ यौन उत्पीड़न मामले में अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. सीबीआई ने एक बयान में कहा, “यह आरोप लगाया गया था कि बाल यौन शोषण सामग्री वाली इन तस्वीरों और वीडियो फिल्मों को आरोपी द्वारा इंटरनेट की सुविधा का उपयोग करके प्रकाशित और प्रसारित किया गया था. यह भी आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने बिक्री के लिए डार्क वेब का इस्तेमाल किया था.”
नईदिल्ली । केंद्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा दी गई व्यवस्था के तहत पंजाब 'एक राष्ट्र एक राशन कार्ड सिस्टम' सुधार को सफलतापूर्वक पूरा करने वाला देश का 13वां राज्य बन गया है। इस प्रकार पंजाब अब ओपन मार्केट से वित्तीय संसाधन जुटाने के लिए 1516 करोड़ रुपये अतिरिक्त कर्ज लेने का पात्र हो गया है। इसके लिए व्यय विभाग द्वारा मंजूरी जारी की गई है। पंजाब अब उन अन्य 12 राज्यों की सूची में शामिल हो गया है जो इस सुधार की प्रक्रिया को पहले ही पूरा कर चुके हैं। इन राज्यों में आंध्र प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। वन नेशन वन राशन कार्ड सिस्टम सुधार के कार्यान्वयन को सफलतापूर्वक पूरा किए जाने पर इन 13 राज्यों को व्यय विभाग द्वारा 34,956 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कर्ज जुटाने की अनुमति दी गई है।
नईदिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व रेडियो दिवस पर रेडियो के सभी श्रोताओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि रेडियो एक शानदार माध्यम है, जिससे सामाजिक संपर्क गहरा होता है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, “विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं! रेडियो के सभी श्रोताओं को बधाई और हमें उन सभी पर गर्व है जो नवीन सामग्री और संगीत के साथ रेडियो को आकर्षक बनाए हुए हैं। यह एक शानदार माध्यम है, जो सामाजिक संपर्क को गहरा बनाता है। व्यक्तिगत रूप से मन की बात के माध्यम से मैंने खुद इसके सकारात्मक प्रभाव को महसूस किया है।”
चुनावी राज्य असम की भाजपा सरकार ने जनता को राहत देने वाला एक बड़ा फैसला लिया है. राज्य सरकार ने आज आधी रात से राज्य में पेट्रोल और डीजल के भाव में 5 रुपये प्रति लीटर जबकि शराब के दाम में 25 फीसदी तक की कटौती करने का फैसला किया है. राज्य सरकार ने पिछले साल कोरोना संकट के दौरान पेट्रोल-डीजल पर 5 रुपये प्रति लीटर का सेस लगाया था, जिसे अब हटाने का फैसला किया गया है.
राज्य विधानसभा में लेखानुदान मांगें पेश करते हुए राज्य के वित्त मंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने कहा कि सरकार ने शराब के दाम में भी 25 फीसदी की कटौती का फैसला किया है.
इस साल अप्रैल में असम सहित देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. राज्य सरकार के इस फैसले को चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है.
गौरतलब है कि कोरोना काल में पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों ने असम की तर्ज पर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए थे. असम के साथ मेघालय और नगालैंड ने पांच से छह रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी.
असम में भाजपा की सरकार है और इस बार के चुनाव को काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है. राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व में 12 विपक्षी दलों ने एक गठबंधन बनाया है. इस कारण वहां भाजपा को कड़ी टक्कर मिल रही है.
राज्य सरकार के इस फैसले से पिछले कुछ दिनों ने लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के भाव को राज्यवासियों को थोड़ी राहत मिलेगी.
Petrol & diesel will become cheaper by Rs 5/litre with effect from midnight tonight. Similarly, the additional cess imposed on various liquor categories during last year, averaging around 25%, has also been withdrawn: Assam Finance Minister Himanta Biswa Sarma in state assembly pic.twitter.com/96ZgO7tPGO
— ANI (@ANI) February 12, 2021
जम्मू, माता वैष्णो देवी के भक्तों के साल भर का इंतजार खत्म हो गया है. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने माता के दर्शनों के लिए आ रहे सभी श्रद्धालुओं के लिए प्राचीन गुफा के कपाट खोल दिए हैं. इस खबर के बाद माता के भक्तों में खुशी की लहर है. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने कोरोना को देखते हुए कुछ प्रोटोकॉल्स भी जारी किए हैं. श्रद्धालु शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए और मास्क पहनकर प्राचीन गुफा के दर्शन कर सकते हैं. प्राचीन गुफा को तभी खोला जाता है जब श्रद्धालुओं की संख्या बेहद कम हो. वर्तमान में श्राइन बोर्ड ने केवल 10000 यात्रियों के ही ऊपर जाने की अनुमति दी है.
पौराणिक कथाओं के अनुसार मां वैष्णो देवी जी की प्राचीन गुफा में 33 करोड़ देवी देवताओं का वास है. मान्यता के मुताबिक जब भैरवनाथ माता वैष्णो देवी जी को पकड़ने के लिए उनके पीछे लगे थे, तो भवन पर इसी प्राचीन गुफा के भीतर जाकर माता वैष्णो देवी ने तपस्या की थी. मान्यता है कि भैरवनाथ से बचाने के लिए हनुमान जी गुफा के बाहर पहरा देने लगे थे.
इस दौरान भैरवनाथ गुफा के बाहर आकर अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन हनुमान जी ने उन्हें रोका और इसी बीच माता वैष्णो देवी जी प्रकट हो गई और मां ने भैरवनाथ का वध कर दिया. भैरव नाथ का सर भैरव घाटी में जाकर गिरा और शरीर गुफा के प्रवेश द्वार पर गिर गया. तब से ही माता वैष्णो देवी जी ने भैरवनाथ को वरदान दिया कि जो श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए आएगा वह भैरव घाटी के दर्शन जरूर करेगा.












